गरुड़ के मेलाडुंगरी हेलीपेड का निरीक्षण करते हेली कंपनी के अधिकारी और एसडीएम। संवाद
बागेश्वर। गरुड़ के मेलाडुंगरी हेलीपेड से जल्द हेली सेवा शुरू होने की उम्मीद जग गई है। तहसील प्रशासन और पवनहंस कंपनी के अधिकारियों ने हेलीपेड का निरीक्षण किया। कंपनी के अधिकारियों ने कुछ चीड़ के पेड़ों को कटवाने की बात कही।
बुधवार को पवनहंस के संयुक्त महाप्रबंधक पीके मारगन ने एसडीएम जितेंद्र वर्मा के साथ हेलीपेड का दौरा किया। उन्होंने हेलीपेड के आसपास की भूमि आदि की जानकारी ली। महाप्रबंधक ने कहा कि हेलीसेवा के लिए हेलीपेड उपयुक्त है, इसमें कोई बड़ा कार्य नहीं होना है। हेलीपेड के समीप करीब आधा दर्जन चीड़ के पेड़ों की छंटनी करनी होगी। एसडीएम वर्मा ने कहा कि हेलीपेड की डीपीआर अक्तूबर तक मिल जाएगी। इसे लोनिवि को सौंपकर अन्य व्यवस्थाएं और निर्माण संबंधी कार्य कर दिया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार निशा रानी आदि मौजूद रहे। संवाद