बागेश्वर। जिले में शनिवार की रात हुई झमाझम बारिश ने वनाग्नि से जूझ रहे जंगलों को बड़ी राहत दी है। बारिश होने से पिछले कई दिनों से धधक रही जंगलों की आग शांत हो गई है, जिससे वन संपदा को हो रहा नुकसान रुक गया है। वातावरण में छाई धुएं की चादर और धुंध साफ होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
रविवार को आसमान साफ होने के बाद दोपहर में चटख धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अवकाश का दिन होने के कारण नगर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही मामूली रही। लोग घरों में ही दुबके रहे। बढ़ती गर्मी से निजात पाने के लिए युवाओं की टोली सरयू नदी के तट पर उमड़ी। नगर के विभिन्न घाटों पर युवाओं ने सरयू की लहरों के बीच डुबकी लगाकर गर्मी को मात दी। बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव से भले ही तापमान में आंशिक बढ़ोतरी देखी गई हो, लेकिन फिजां में घुली ताजगी ने लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के आसार हैं।