मलबे से बंद बालीघाट-रीमा-धरमघर सड़क बंद।
- फोटो : amar ujala
जिले भर में सोमवार की रात मूसलाधार बारिश होने से जगह-जगह मलबा आने से आठ सड़कें बंद हो गईं। बालीघाट-दोफाड़-धरमघर सड़क पर मलबा और पेड़ आने से छह घंटे यातायात ठप रहा। जेसीबी द्वारा मलबा साफ करने के बाद आवागमन सुचारु हुआ।
सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। बारिश से बालीघाट-दोफाड़-धरमघर सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पेड़ आ गए। इससे वाहनों की आवाजाही बंद रही। लोगों को वाहन बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
दिन में करीब 12 बजे जेसीबी से मलबा और पेड़ हटाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। इसके अलावा ओखड़ानी-लोहारचौरा, कंधार-रीठातल्ला, परकोटी-सिरकोट, कन्यालीकोट-जगथाना, कपकोट-पिंडारी और कौसानी-भतेड़िया सड़क बंद है।
पिंडारी के लिए रीठाबगड़ रूट से वाहनों का संचालन किया जा रहा है। कौसानी में भतेड़िया को जाने वाली सड़क के धंसने से होटल और भवनों को खतरा बना हुआ है। सड़क बंद होने से भतेड़िया के लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है।
क्षेत्र में जरूरी वस्तुओं की भी किल्लत हो रही है। जिला पंचायत सदस्य पुष्पा कोरंगा, ग्राम प्रधान रवि नेगी, राजेंद्र राम, हरीश जीना सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ ही सड़क खोलने की मांग की है।