बागेश्वर। कभी बारिश ताे कभी उमस से लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। बच्चे से लेकर बुजुर्ग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। बृहस्पतिवार को 443 मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।
बरसात के कारण इन दिनों ओपीडी मेें बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। फिजीशियन कक्ष के बाहर मरीजों की लाइन देखने को मिल रही है। अधिकतर मरीज बुखार, जुकाम, खांसी और पेट दर्द की समस्या लेकर आ रहे हैं। बच्चों में भी यह समस्या देखने के लिए मिल रही है।
बारिश के दौरान 200-300 के करीब मरीज अस्पताल पहुंच रहे थे। धूप खिलते ही मंगलवार से अस्पताल में मरीजों की संख्या 400 पार पहुंच गई। मंगलवार को 469, बुधवार को 434, बृहस्पतिवार को 443 मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमएस डॉ. वीके टम्टा ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के और गंदे पानी के कारण लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इस मौसम में लोगों को बीमारी से बचने के लिए गंदे पानी और बासी खाने से बचना चाहिए।
गुटका और पान की पीक से अस्पताल की दीवारें गंदी
बागेश्वर। जिला अस्पताल की दीवारों पर पान, गुटका खाकर गंदा किया जा रहा है। बड़े-बड़े अक्षरों में थूकना सख्त मना है लिखने के बावजूद दाग देखने के लिए मिल रहे हैं। दूसरी मंजिल की रैंप की दीवार पीक से पटी हुई है। वहीं, अस्पताल के कर्मचारियों के लिए बनाए गए पार्किंग क्षेत्र के पीछे हफ्ते भर से कूड़ा पड़ा हुआ है। सीएमएस डॉ. वीके टम्टा ने बताया कि कुछ महीनों पहले ही दीवारों में रंग-रोगन का काम करवाया गया था। अस्पताल आने वाले लोग ही अस्पताल को गंदा कर रहे हैं। सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद ही इन दागों को हटाया जाएगा। संवाद