दिल्ली से धरमघर वाया पचार होकर आने वाली राज्य सड़क परिवहन निगम की बस गत एक सप्ताह से नहीं आ रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने रोडवेज के अधिकारियों से बस सेवा शीघ्र चालू करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार दिल्ली से रीमा पचार होते हुए धरमघर तक आने वाली अल्मोड़ा डिपो की रोडवेज की बस पिछले सप्ताह से क्षेत्र में नहीं आ रही है। लोगों को दिल्ली, मुरादाबाद जाने के लिए टैक्सियों के जरिए जिला मुख्यालय आकर बस पकड़नी पड़ रही है। कई बार देर होने पर यहां से भी लोगों को सीधी गाड़ी नहीं मिल पा रही है। वाहन बदल बदलकर जाने से जहां उन्हें कई परेशानियां झेेलनी पड़ रही हैं। यात्रा भी खासी महंगी पड़ रही है।
क्षेत्रवासी गणेश दत्त जोशी, पुंगरघाटी विकास मंच के अध्यक्ष राजेश रौतेला और प्रवक्ता हरीश कालाकोटी ने रोडवेज के अधिकारियों से बस का संचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उधर राज्य सड़क परिवहन निगम के एआरएम विनोद तिवारी ने बताया कि इस बीच छह चालक नई बसों के लिए देहरादून गए हैं। चालक नहीं होने से बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। चालकों के दो दिन के भीतर पहुंचते ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।