कपकोट (बागेश्वर)। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड का कांग्रेस मुक्त होना तय है। प्रदेश सरकार के घोटालों से उत्तराखंड की देश में भारी बदनामी हुई है। कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कमर कसने को कहा। वह विधानसभा स्तरीय पर्दाफाश रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
भाजपा नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कुर्सी को बचाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की। स्टिंग होने पर भी कुर्सी पर चिपके हैं। कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के साथ बाइक रैली निकाली।
भराड़ी बाजार में आयोजित रैली में केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री टम्टा ने कहा राज्य में विकास की जगह भ्रष्टाचार ने ले लिया है। केंद्र सरकार राज्य को विकास के लिए बराबर सहयोग कर रही है बावजूद प्रदेश सरकार केंद्र पर उपेक्षा का आरोप लगाती है। कार्यकर्ताओं से केंद्र की योजनाओं के बल पर कांग्रेस की बेदखली के लिए गांव-गांव जाने को कहा।
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ. रावत ने कहा हरीश रावत के रहते राज्य का विकास कतई संभव नहीं है। जनता विकास, प्रशिक्षित तैनाती और आपदा पीड़ित मुआवजे के लिए तरस रहे हैं लेकिन इन सबसे सरकार बेखबर है। आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से सीएम और उनके गुर्गों की जेब में महीने में 30 करोड़ रुपया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अपने चहेतों को नौकरी दी है। भाजपा के सत्ता में आते ही प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचारों की सीबीआई जांच कराकर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने कहा कि सरकार भाजपा शासित विधानसभा क्षेत्रों की घोर उपेक्षा कर रही है।
चुनाव में कांग्रेस को इसका खामियाजा भोगना पड़ेगा। पूर्व मंत्री बलवंत भौर्याल ने कहा कि कांग्रेस राज में विकास का पहिया जाम है बेरोजगार, मजदूर, किसान, व्यापारी सब परेशान हैं। रैली से साफ हो गया है कि अब कांग्रेस का जाना तय है। पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया ने कहा कि कांग्रेसराज में जनता हताशा में है।
पूर्व दर्जाधारी मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम रही है उसका यह खेल अब कुछ दिनों का है। राज्य का विकास भाजपा के हाथों ही संभव है। जिलाध्यक्ष उमा बिष्ट की अध्यक्षता में जिला महामंत्री राजू उपाध्याय, मथुरा प्रसाद ने संचालन किया।
सभा में पूर्व दर्जाधारी मंत्री हीरा धपोला, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश परिहार, ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, प्रदेश सदस्य राम सिंह कोरंगा, नगर अध्यक्ष गीता ऐठानी, रैली संयोजक दयाल ऐठानी, मंडल अध्यक्ष महिपाल दानू, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष हंसी ड्यराकोटी आदि थे।
बागेश्वर। पर्दाफाश रैली में कपकोट जा रहे भाजपा नेता हरक सिंह रावत को बागेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडेे दिखाए और हरक सिंह वापस जाओ के नारे लगाए। कपकोट में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी हरक के विरोध नारेबाजी की। विरोध, प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे।
शनिवार को जैसे ही हरक सिंह का वाहन बागेश्वर कोतवाली के पास पहुंचा तो कांग्रेस कार्यकर्ता कवि जोशी, गोविंद कठायत, खिलाफ सिंह दानू, प्रकाश राम, मोहन कोरंगा आदि ने हाथों में काले झंडे लेकर हरक सिंह वापस जाओ के नारे लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरक सिंह के काफिले को रोकने का प्रयास भी किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क से हटा दिया। हरक सिंह का कपकोट मे भी विरोध हुआ।
कपकोट में एनएसयूआई के छात्र संघ अध्यक्ष भरत कोरंगा, सचिव प्रकाश जोशी दीपक गिरी, हरीश जोशी, कमल साही, चंदन, कमल गड़िया, पूनम आदि ने हरक सिंह वापस जाओ के नारे लगाए। पुलिस द्वारा सभी प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटा देने के कारण कार्यकर्ता काले झंडे नहीं दिखा पाए।