गरुड़(बागेश्वर)। गोमती घाटी के थेपलू बज्वाड़ क्षेत्र में डाकघर की शाखा खुल गई है। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से डाकघर की शाख स्थापित करने की मांग कर रहे थे।
सोमवार को आयोजित समारोह में डाकघर के अवर अभियंता एनसी तिवारी ने डाकघर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा गांव में डाकघर की शाखा खुलने से थेपलू बज्वाड़, किलापखेत लोहागढ़ी के ग्रामीणों को बचत सेवा का लाभ मिलेगा। डाकघर की शाखा में पोस्टमास्टर, पोस्टमैन का पद सृजित करने को विभाग पत्र लिखा गया है, जल्द उनकी तैनाती भी की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों को भारतीय डाक की योजनाओं के बारे में बताया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मोहन सिंह भंडारी ने बताया कि गांव में डाकघर की शाखा खोलने की मांग बीस साल पुरानी थी। गांव में डाकघर की शाखा खोलने के संबंध में प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजा गया था। इस मौके पर डाक विभाग के प्रकाश आर्या आदि मौजूद रहे। संवाद