बागेश्वर। जिले के हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों नवंबर से बर्फबारी के कारण आवाजाही सुचारु नहीं रह पाएगी। इन इलाकों के लिए पूर्ति विभाग अक्तूबर में ही छह महीने का राशन पहुंचा देता है। इस बार भी राशन पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। हिमालयी क्षेत्र से सटे सात गोदामों में करीब छह हजार क्विंटल राशन पहुंचाया जाएगा।
जिले के हिमालयी क्षेत्र से सटे बदियाकोट, खाती, वाछम, मल्लाडुंगर्चा, कर्मी, तलाई, उमिया के खाद्य गोदामों में हर साल जाड़े के मौसम को देखते हुए पहले ही राशन डंप कर दिया जाता है। इन इलाकों में अक्तूबर मध्य से मार्च तक बर्फ रहती है। इसलिए आवाजाही संभव नहीं हो पाती है। पूर्ति विभाग हर वर्ष अक्तूबर में मार्च तक का राशन पहुंचा देता है, ताकि हिमालयी क्षेत्र के गांवों में राशन की कमी न हो। इस बार भी राशन पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। बदियाकोट के खाद्य गोदाम में राशन पहुंचाया जा चुका है। खाती, वाछम, मल्लाडुंगर्चा, कर्मी, तलाई, उंगिया को राशन भेजा जा रहा है। इन क्षेत्रों में मार्च 2021 तक का कोटा पहुंच जाएगा। जो सस्ता गल्ला की दुकानों से उपभोक्ताओं को बांटा जाएगा।
सात गोदामों के लिए करीब छह हजार क्विंटल राशन भेजा जा रहा है। बदियाकोट के गोदाम में राशन पहुंच गया है। शेष गोदामों में 15-16 अक्तूबर तक राशन पहुंच जाएगा।
- अरुण कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी बागेश्वर।