बागेश्वर। उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को अंतरराष्ट्रीय उड़ान देने के लिए प्रदेश सरकार ने सीएम कौशल उन्नयन और वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसर खोले हैं। इसके लिए जिले के इच्छुक अभ्यर्थियों से पंजीकरण मांगे गए हैं। चयनित युवाओं को आकर्षक वेतन के साथ-साथ रहने और खाने की नि:शुल्क सुविधा भी मिलेगी।
जिला सेवायोजन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जापान के लिए, केयर गिवर के पद पर केवल बालिकाओं हेतु आवेदन मांगे गए हैं।इसके लिए योग्यता 12वीं पास, जीडीए और एएनएम होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित है, जिसमें एक लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। जर्मनी के लिए पुरुष और महिला नर्स के पदों के लिए जीएनएम और बीएससी नर्सिंग योग्यता आवश्यक है। आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 2.5 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को आवासीय भाषा प्रशिक्षण, रहने और खाने की नि:शुल्क व्यवस्था सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी जापानी और जर्मन भाषा प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
.....कोट
सीएम कौशल उन्नयन योजना के तहत युवाओं को विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर रोजगार दिलाने की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। जापान और जर्मनी जैसे देशों में बेहतर कार्य अनुभव और शानदार वेतन पाने का यह बड़ा अवसर है। जिले के पात्र युवा समय पर अपना पंजीकरण कराएं और इस योजना का लाभ उठाएं। किसी भी संशय की स्थिति में कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
.....प्रवीण चंद्र गोस्वामी, जिला सेवायोजन अधिकारी, बागेश्वर