कामन सर्विस सेंटरों में आधार कार्ड बनाने के लिए आने वाले लोगों से अवैध वसूली और आवंटित कैंपों में जाकर आधार कार्ड नहीं बनाने की शिकायत पर डीएम ने शुक्रवार को जिले में संचालित विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) का निरीक्षण किया। डीएम ने एसडीएम को नौ सेंटरों की मशीनें सीज करने के निर्देश दिए। फिलहाल एसडीएम ने गरुड़ के सीएससी को सीज कर दिया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम को आवंटन के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा न देने, दायित्वों का उचित तरीके से निर्वहन नहीं करने और आधार कार्ड बनाने के लिए अवैध रूप से वसूली करने पर घटबगड़ बागेश्वर के जगदीश सिंह, भतरौला बागेश्वर के हयात सिंह, नदीगांव बागेश्वर के मनोज सिंह, द हिमालया ट्रस्ट गढ़सेर गरुड़ के राहुल शर्मा, टीट बाजार के कुंदन सिंह, गागरीगोल गरुड़ के राजेंद्र सिंह, कमेड़ीदेवी के धनेश कुमार, होराली कपकोट के भरत सिंह, नामती चेटाबगड़ कपकोट के हयात सिंह की मशीनें सीज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएससी के संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी सीएससी के संचालक शिविर में निर्धारित तिथि के अनुसार कार्य नहीं करते हैं तो उनके सेंटर बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस कार्रवाई से सीएससी के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।