मिनी स्टेडियम बिनखोली में मनी प्राइज क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हो गया है। टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक चंदन दास ने किया। उन्होंने कहा कि युवा खेल को कॅरिअर बनाकर मंजिल पा सकते है। विधायक पुत्र गौरव दास, देवेंद्र गोस्वामी की ओर से आयोजित मनी प्राइज क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक चंदन दास ने एक क्रिकेट की एक गेंद खेलकर किया।
उन्होंने मौके पर क्षेत्र के सात गांवों के युवाओं को क्रिकेट के सात किट बांटे। विधायक दास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंटों में भागीदारी करने से गांव की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।
उन्होंने बिनखोली, अयारतोली, कोठूं, चौरसों, मौनियाभियोली के युवाओं को अपने ओर से क्रिकेट के किट दिए। विधायक दास ने बिनखोली मिनी स्टेडियम के विस्तार के लिए अपनी निधि से एक लाख रूपऐ देने की घोषणा की। उद्घाटन मैच में अयारतोली की टीम ने पहले खेलते हुए 90 रन बनाएं।
बिनखोली की टीम ने चार विकेट से अयारतोली की टीम को हराया। वहां ग्राम प्रधान संगठन के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर नाथ गोस्वामी, सेवानिवृत्त शिक्षक राम नाथ गोस्वामी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीसी चंदोला, मोहन नाथ आदि मौजूद थे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता बिनखोली की ग्राम प्रधान दया गोस्वामी, संचालन भाजपा के जिला प्रतिनिधि देवेंद्र गोस्वामी ने किया।