बागेश्वर। पालिका क्षेत्र के नदीगांव में नियमित रूप से कूड़ा न उठने से सड़क पर फैल रहा है। सड़क के किनारे कलवर्ट पर बने गड्ढे में कूड़ा इकट्ठा होने से दुर्गंध उठ रही है।
नगर क्षेत्र में कई जगहों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क और रास्तों पर कूड़ा बिखर रहा है। जिला मुख्यालय में गोमती पुल से एक किमी दूर अमसरकोट सड़क पर कूड़ा बिखरा है। वहां पालिका ने लोहे का कूड़ादान रखा है लेकिन पास में बने कलवर्ट पर बड़ा गड्ढा होने से लोग कूड़ादान के बजाय गड्ढे में कूड़ा डाल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाती है। इससे बंदर और लावारिस पशु कूड़े के पास जमे रहते हैं और भोजन की तलाश में कूड़े को सड़क पर फैला देते हैं। तेज हवा चलने पर भी कूड़ा दूर तक फैल जाता है। इससे आसपास भारी दुर्गंध उठती है। कई जगहों पर सड़क किनारे नाली में बने गड्ढों पर कूड़ा इकट्ठा किया गया है। आसपास रहने वाले लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि नाली में गड्ढे वाले स्थानों को जाली से ढक दिया जाना चाहिए।
नगरपालिका की ओर से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जाता है। सड़क के किनारे कूड़ा एकत्रित होने से दुर्गंध उठ रही है। कूड़े को नियमित रूप से उठाया जाना चाहिए।
- जगदीश चंद्र जोशी, नदीगांव
सड़क के किनारे कूड़ादान रखा गया है लेकिन पास में कलवर्ट के पास गड्ढा होने से लोग कूड़ादान में कूड़ा नहीं डालते हैं। गड्ढे को बंद करने के लिए जाली लगाई जानी चाहिए।
- चंदन सिंह टंगड़िया, व्यवसायी
सड़क किनारे नाली में बने गड्ढों पर कूड़ा इकट्ठा हो गया है। कूड़े के पास कटखने बंदरों का जमावड़ा रहता है। नियमित रूप से न उठने के कारण कूड़ा सड़क पर फैल रहा है।
- गंगाप्रसाद जोशी, नदीगांव
कूड़े के पास बंदर और लावारिस जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है। आबादी में कूड़ा फैलने से दुर्गंध आ रही है। पालिका प्रशासन को नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
- दिवस जोशी, व्यवसायी