जिला मुुख्यालय से लगे मंडलसेरा इलाके में पीने के पानी का समान रूप से वितरण नहीं होने के कारण लोगों में रोष है। संयुक्त जन कल्याण समिति पीपलचौक मंडलसेरा ने डीएम को दिए पत्र में कहा है कि तीसरे दिन मिलने वाले पानी से भी क्षेत्र के लोगों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। समिति ने डीएम से पानी की समान आपूर्ति के लिए पेयजल संस्थान का निर्देश देने की मांग की है।
डीएम को दिए पत्र में कहा गया है कि मंडलसेरा पेयजल योजना से कुछ स्थानों पर लोगों को 24 घंटे पानी मिल रहा है जबकि अन्य क्षेत्रों में पानी की तीसरे दिन आपूर्ति होती तो है लेकिन उससे भी उनकी प्यास नहीं बुझ पा रही है। उत्तरांचल कूप योजना के कई मुहल्लों में स्टेंड पोस्ट बने हैं। उनमें पानी की आपूर्ति नियमित रहती है। शेष भाग भुल्यूड़ा, पीपलचौक, धारफाट में तीसरे दिन पानी दिया जाता है। वह भी कम मात्रा में ही आता है। इस दोहरी व्यवस्था के बावजूद लोगों को विभाग को बिल पूरा देना पड़ रहा है।
पिछले दिनों समस्या के समाधान के लिए स्टोर टैंक से भनार तक दूूसरी वैकल्पिक लाइन बिछाई गई। गुणवत्ता सही नहीं होने के कारण उसमें भी पानी नहीं आ रहा है। विभाग भी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने डीएम से पर्याप्त पानी की आपूर्ति के लिए पेयजल संस्थान को निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष भूपाल सिंह देवली, सचिव हीरा सिंह टाकुली और संरक्षक दीवान सिंह दानू, भुवन चौबे, योगेश धपोला, गोपाल सिंह, खीम सिंह, जगत सिंह, शेर सिंह, गणेश राम, राम सिंह कार्की, मादो सिंह परिहार आदि शामिल हैं।