बागेश्वर। ग्राहकों को तेज इंटरनेट की सुविधा देने के लिए बागेश्वर में मार्च से बीएसएनएल की फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) सेवा शुरू हो गई है। ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) के माध्यम से तेज इंटरनेट का लाभ लेने के लिए करीब 150 लोग एफटीटीएच सेवा का उपयोग कर रहे हैं। कोरोना काल में घर से कार्य और ऑनलाइन कक्षाओं के लिए यह सुविधा कारगर साबित हो रही है। निजी कनेक्शन के साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी ग्राहक इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। बागेश्वर और गरुड़ ब्लॉक में ओएफसी लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
प्लान महंगे होने से संयोजन की गति धीमी
ऑप्टिकल फाइबर केबल इंटरनेट स्पीड के लिए एक ओर जहां लाभकारी है वहीं दूसरी ओर इसके प्लान महंगे होने के कारण नए संयोजनों की गति धीमी नजर आ रही है। इसके प्लान 750 रुपये से शुरू हैं। बागेश्वर में मार्च से एचटीएच सेवा शुरू हो गई थी। आठ महीने में मात्र 150 लोग ही इस सुविधा से जुड़े हैं।
एफटीटीएच संचार प्रणाली जिले में शुरू हो गई है। इसमें 100 एमबीपीएस तक की इंटरनेट स्पीड दी जा रही है। लोग धीरे-धीरे एफटीटीएच केबल सुविधा से जुड़ रहे हैं। इसके संयोजन के लिए वेंडर से संपर्क कर सकते हैं। - हेमंत जोशी, जेटीओ, बीएसनएनएल।