बागेश्वर पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपी। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कांडा। झाड़फूंक, पूजा-पाठ के नाम पर धरमघर क्षेत्र के एक व्यक्ति से 2.74 लाख रुपये की ठगी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महरूड़ी क्षेत्र धरमघर के ग्राम छिपछिया निवासी दीवान सिंह ने आठ मार्च को कांडा थाने में तहरीर दी। बताया कि मूसा पठान खान बंगाली नाम के एक व्यक्ति ने उसके पिता खुशाल सिंह के साथ धोखाधड़ी कर 2.74 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एसआई सुरभि राणा को जांच सौंपी। एसपी रचिता जुयाल ने थाना कांडा और टेक्निकल टीम को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। कांडा के एसओ प्रह्लाद सिंह के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टेक्निकल टीम की लीड के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मुजफ्फरनगर और मेरठ आदि स्थानों पर भेजी गई। टीम ने आरोपी की तलाश की। 18 मार्च को आरोपी सलमान मलिक उर्फ मूसा पठान निवासी पूर्वी पछाला (काजीवाड़ा) थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर यूपी को बिलौना से गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई पूरन चंद्र जोशी, कांस्टेबल मदन सिंह, अशोक कुमार, सर्विलांस टीम के कांस्टेबल हेम चंद्र मठपाल, चंदन राम कोहली, गिरीश बजेली आदि थे।
आरोपी ने ऐसे की ग्रामीणों की ठगी
बागेश्वर/कांडा। वादी दीवान सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में उसने अपना इलाज चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में कराया। पिता खुशाल सिंह और पत्नी शोभा देवी उनसे मिलने चंडीगढ़ गए। जहां मनीमाजरा बाजार में दोनों की मुलाकात आरोपी से हुई। आरोपी ने उन्हें बताया कि वह झाड़फूंक, पूजा-पाठ कर घर की किसी भी समस्या का निदान कर सकता है। उनके लड़के की बीमारी को दूर कर सकता है। इसलिए आरोपी ने उनका मोबाइल नंबर ले लिया। कुछ दिन बाद आरोपी ने वादी के पिता खुशाल सिंह को फोन कर समस्या सुलझाने के लिए 4100 रुपये मांगे तो उसे बैंक के माध्यम से रुपये भेज दिए गए। आरोपी कभी हरिद्वार में पूजा-पाठ, भंडारा कराने, कभी परिवार का भारी नुकसान होने, नौकरी चले जाने आदि की बातें कहकर रुपये ऐंठता रहा। आरोपी ने उनसे 2.74 लाख रुपये ठग लिए।