चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के चतुर्थ श्रेणी राजकीय कर्मचारी संगठन ने मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई है। संगठन ने इस उपेक्षा के खिलाफ पहली मई से आंदोलन की चेतावनी दी है।
संगठन के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रसाद माल ने बताया कि प्रतिवर्ष कोटे के अनुसार पदोन्नति करने, नर्सेज संवर्ग की तर्ज पर चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों को पौष्टिक आहार भत्ता देने, पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कार्मिक एवं वाहन चालक संवर्ग की तर्ज पर एक माह का मानदेय दिए जाने, जोखिम भत्ता आदि मांगों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रांतीय कार्यकारिणी द्वारा तय आंदोलन के तहत सभी कर्मी दो मई से छह मई तक काला फीता बांधकर कार्य करेंगे। सात मई को रक्तदान करेंगे। आठ मई को संगठन की ओर से मांगों का एक ज्ञापन शासन को भेजा जाएगा। इसके बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 14 मई को सामूहिक अवकाश लेकर महानिदेशालय में तालाबंदी की जाएगी।
संगठन की ओर से बागेश्वर में सीएमओ को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें संगठन के मंत्री चंद्र मोहन आर्या, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजपाल आदि शामिल थे। ब्यूरो