पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने पल्ला कमस्यार के भंडारीगांव के गधेरे में पैदल पुल के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन तब से पुल का निर्माण अधूरा पड़ा है।
पुल नहीं बनने से बर्षाकाल में जहां ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं वहीं बच्चे भी अकेले में स्कूलों को नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल के निर्माण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व मंत्री भौर्याल पुल के निर्माण के लिए अपनी निधि से डेढ़ लाख रुपया मंजूर किया था। पुल के अपरमेंट भी आधे अधूरे बनाकर छोड़ दिए हैं।
पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए कई बार मांग कर दी है, लेकिन अभी तक किसी के कानों जूं तक नहीं रेंग रही है।
इस स्थल से होकर खातीगांव, बगराटी, भैैंसखाल, खाईनधार, चकनागांव, कपूरी, खाड़ी, नरगोली, चंतोला, ठांगा, तुुषरेड़ा आदि गांवों की प्रसव पीड़िताएं एएनएम सेंटर जाती हैं।
इसी स्थल से छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र को भी जाते हैं। गधेरे में पुल का निर्माण नहीं होने के कारण बर्षाकाल में हर किसी को परेशानी हो रही है। बीडीसी सदस्य कुंदन बोरा ने शासन प्रशासन से पुलिया बनाने के लिए शीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की है।