भराड़ी-शामा सड़क सोंग तिराहे पर गिरा बोल्डर।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बारिश से मलबा आने के कारण चार सड़कों पर यातायात दिनभर ठप रहा। इस समस्या के चलते सात सड़कों पर यातायात घंटों बाधित रहा। खराब मौसम के बीच सड़कें बंद होने से आवाजाही के लिए इन पर निर्भर लोगों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ी।
दो माह से अधिक समय से बंद कपकोट-पिंडारी के साथ ही जिले की चार सड़कें सोमवार को भी बंद रही। इनमें धरमघर-माजखेत, हरसिला-पुड़कुनी, भयू-गडेेरा मोटर मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा जैसर-रुनी-लखमार, भानी-हरसिंग्याबगड़,अकुड़ाई-अना-लोहारचौरा, डंगोली-सैलानी-पंद्रहपाली,कपकोट-दूणी-सुकुंडा, अग्रणी-चीराबगड़ सड़क में जगह-जगह मलबा आया। कार्यदायी संस्था ने मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया। भराड़ी-शामा मोटर मार्ग के सौंग तिराहे पर पहाड़ी से बोल्डर गिर गया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे वाहन बालबाल बचे।
इधर, इंटर कालेज कमेड़ीदेवी के ऊपर बांज का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से भवन को आंशिक नुकसान हुआ है। प्रधानाचार्य हरीश चंद्र कांडपाल ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उधर, लगातार बारिश के बीच नदियां, गाड़-गधेरे उफान पर रहे। बागेश्वर में सरयू उफान पर रही। सरयू में पानी खतरे के निशान से लगभग चार मीटर नीचे पहुंच गया है। नदी के उफान पर रहने और सिल्ट आने से फिल्टरेशन का काम भी प्रभावित हुआ।
जिले में बाधित मोटर मार्ग
कपकोट-पिंडारी
भयू-गडेरा
हरसिला-पुड़कुनी
धरमघर-माजखेत
-----------------
जिले में बारिश
---------------
बागेश्वर- 27.50 एमएम
कपकोट- 7.50 एमएम
गरुड़- 27.50 एमएम