बागेश्वर। यूथ कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार काबिज होगी। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रकाश जोशी का बाइक रैली निकालकर स्वागत किया।
जिला मुख्यालय में हुए युवा संवाद कार्यक्रम में प्रकाश जोशी ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार चार साल के कार्यकाल में सौ युवाओं को भी रोजगार नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बेरोजगारों की समस्या को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा करने का काम कर रहे हैं, जो सराहनीय है। संवाद कार्यक्रम के जरिये उन्होंने कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे और अपने सुझाव दिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र टंगड़िया, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता रावल, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव इंदिरा जोशी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी, जिला प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय ने भी संवाद कार्यक्रम में अपने विचार रखे। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण, सज्जन लाल, रणजीत दास, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष कैलाश मोहन, लक्ष्मी धर्मशक्तू, सुनीता टम्टा आदि थे।
प्रदेश में शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाएं बदहाल
बागेश्वर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने प्रदेश की शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था को खस्ताहाल बताया। कहा कि प्रदेश में करीब 600 प्राथमिक विद्यालय बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। बागेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा कि प्रदेश के 63 प्रतिशत स्कूलों में चहारदीवारी नहीं है। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं। कांग्रेस शासनकाल में 16 नए डिग्री कॉलेजों को मंजूरी दी गई थी। भाजपा ने सत्ता संभालते ही इन कॉलेजों का शासनादेश निरस्त कर दिया। कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में सभा कर डबल इंजन की सरकार बनाने के नाम पर वोट मांगे थे। डबल इंजन तो जरूर बना लेकिन आज तक स्टार्ट नहीं हो पाया। प्रदेश सरकार की विफलता से प्रदेश विकास की दौड़ में कई दशक पीछे चला गया है। (संवाद)