बागेश्वर। कपकोट के विधायक सुरेश गढि़या के गांव सीमा के लिए सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन से सड़क के निर्माण के लिए 2.159 हेक्टेयर वन भूमि में सड़क के निर्माण की विधिवित स्वीकृति मिल चुकी है। पांच साल पहले कटान के बाद अधर में लटकी इस सड़क के अब जल्द बनने की उम्मीद है।
हरसीला से सीमा गांव को जोड़ने वाली सड़क कटाने के बाद बंद हो गई थी। सड़क पर आने वाली वन भूमि पर विधिवित स्वीकृति नहीं मिलने से सड़क में डामरीकरण का कार्य नहीं हो पा रहा था। जिससे सड़क पर यातायात करने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण नहीं होने से बरसात के मौसम में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पानी की निकासी के लिए भी सड़क पर कलमठ और नालियों का निर्माण नहीं हुआ था। जिससे पानी सड़क पर फैलता है। लोनिवि ने सड़क की विधिवत स्वीकृति के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। अब केंद्र से सड़क के निर्माण में विधिवत स्वीकृति मिलने के बाद सड़क पर सुरक्षा दीवारों, कलमठों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर डामरीकरण भी किया जाएगा।
.....कोट हरसिला सीमा सड़क के निर्माण में वन भूमि की विधिवत स्वीकृति का पांच साल से इंतजार था। अब स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण के प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बजट मिलने के बाद सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।
अमित कुमार पटेल, ईई लोनिवि कपकोट