शासन-प्रशासन जहां एक ओर वनों को आग से बचाने की कार्ययोजना तैयार कर रहा है वहीं अब तक कई वन आग की चपेट में आ चुके हैं। बागेश्वर जिला मुख्यालय से सटे कई चीड़ के वनों में आग धधक रही है। लगातार लग रही आग को काबू करने में वन विभाग के भी पसीने छूट रहे हैं।
बागेश्वर जिले में अधिकांश चीड़ के वन हैं। कलेक्ट्रेट सहित जिला मुख्यालय से सटे कई वनों में पिछले तीन दिनों से आग लगी है। रविवार को जौलकांडे के समीप जंगल में लगी आग दो दिन तक धधकती रही। सोमवार की शाम को किसी अराजक तत्व ने कलेक्ट्रेट के समीप जंगल में आग लगा दी।
शाम को हवा के साथ लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने पर वन विभाग की टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इतनी घटनाओं के बावजूद वनों में आग लगाने वाले लोग पकड़ में नहीं आ सके हैं।