बागेश्वर। कपकोट के बिचला दानपुर के डांगती गांव के लोगों के लिए अच्छी खबर है। शामा-तेजम मोटर मार्ग के ज्ञानधूरा से डांगती के लिए बन रहे मोटर मार्ग के लिए वन भूमि की सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
डांगती गांव तक छह किमी लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। वर्तमान में सड़क नहीं होने से लोगों को सड़क तक आने के लिए खड़ी चड़ाई चढ़नी पड़ती है। बीमार, गर्भवती और बुजुर्गों के लिए आज भी डोली का सहारा है। रोजमर्रा के सामान घोड़े-खच्चर की मदद से गांव तक पहुंचते हैं। लंबे समय से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या ने बताया कि गांव के लिए सड़क निर्माण का मामला वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के कारण अटका था।
अब 4.86 हेक्टेयर वन भूमि का गैर वानिकी कार्यों के लिए लोनिवि को प्रत्यावर्तन करने की अनुमति मिल गई है। बाकी प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा कर गांव तक सड़क बनाने का काम शुरू कराया जाएगा।