पांच सौ व हजार के नोट बंद होने का असर जमीनों की खरीद फरोख्त पर भी पड़ा है। पांच सौ व हजार के नोटों के बंद होने के बाद बागेश्वर जनपद में जमीन की मात्र तीन रजिस्ट्री हुई हैं। पांच प्रतिशत स्टांप ड्यूटी और दो प्रतिशत रजिस्ट्रेशन शुल्क चुकाने के लिए रुपए नहीं होने से रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित हो रहा है।
पर्वतीय क्षेत्र खासकर बागेश्वर में प्रापर्टी डीलिंग का अभी बड़ा बाजार नहीं है। गांवों से शहरों की ओर पलायन करने लोग यहां पर मकान बनाने के लिए आधा या एक नाली जमीन खरीदते हैं। जिला मुख्यालय बागेश्वर, कपकोट व कांडा तहसीलों में हर माह लगभग 60 ही रजिस्ट्री होती हैं। परंतु पांच सौ और एक हजार के नोटों के बंद होने के बाद रजिस्ट्री का यह औसत भी घटकर आधे से भी कम हो गया है। सब रजिस्ट्रार राजेंद्र मेहता ने बताया कि अक्तूबर माह में आवासीय, व्यावसायिक, कृषि कार्य से संबंधित लगभग 91 रजिस्ट्री हुई थी।
सामान्यतया अन्य महीनों में रजिस्ट्री का औसत प्रतिदिन दो रहता था। परंतु नोट बंद होने के बाद पिछले पांच दिनों में मात्र तीन रजिस्ट्री हुई हैं। उन्होंने बताया कि भूमि खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में पांच प्रतिशत और रजिस्ट्रेशन शुल्क दो प्रतिशत जमा करना पड़ता है। परंतु भूमि खरीददारों के पास रुपए नहीं होने से रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित हो रहा है।