बागेश्वर के कुकुड़ामाई के जंगलों में लगी आग को बुझाता वनकर्मी। स्रोत: वन विभाग
बागेश्वर। गर्मी का असर बढ़ने के बाद जिले के जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय से सटे कुकुड़ामाई, घिरौली और धरमघर रेंज के हल्द्वानी बीट के जंगलों में आग लगने से वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीमों ने आग को काबू किया।
हल्द्वानी बीट के जंगल में शुक्रवार की शाम से रात तक भीषण आग लगी रही। इससे चारा पत्ती, इमारती लकड़़ी समेत वन्य जीवों को नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि दो से तीन हेक्टेयर क्षेत्रफल आग की चपेट में आ गया था। धुएं के कारण लोगों को वायु प्रदूषण का भी सामना करना पड़ा।
रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि नाप जमीन में लगाई गई आग फैलकर जंगल तक पहुंच गई थी। सूचना मिलने के बाद कर्मचारी मौके पर जाकर आग बुझाने में जुट गए थे। इसी दौरान रात को बारिश भी हुई थी जिससे रात में ही आग बुझ गई थी।
शनिवार को कुुकुड़ामाई के जंगल में भी आग लग गई। मंडलसेरा के घिरौली क्षेत्र का वन भी जला। रेंजर श्याम सिंह करायत ने बताया कि कुकुड़ामाई के जंगल में यूपीसीएल की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी, जिसे कर्मचारियों ने काबू कर लिया है। घिरौली में सिविल क्षेत्र में आग लगी थी।