कांग्रेस ने आखिरकार अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर ही दी। बागेश्वर जिले की कपकोट सीट पर सिटिंग विधायक ललित फर्स्वाण कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। जबकि बागेश्वर सीट को वेटिंग में रखा गया है। बागेश्वर सीट में प्रत्याशी तय नहीं होने से कार्यकर्ता असमंजस की स्थिति में हैं।
देर शाम तक लोग एक दूसरे से टिकट को लेकर पूछते नजर आए।
कांग्रेस पार्टी में कपकोट सीट से सिटिंग विधायक ललित फर्स्वाण के अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंती परिहार ने भी अपनी दावेदारी की थी। परंतु पार्टी ने सिंटिंग विधायक ललित फर्स्वाण को टिकट देकर स्थिति साफ कर दी है। फर्स्वाण इस समय चुनाव प्रचार में हैं। सुरक्षित बागेश्वर सीट को वेटिंग में रखा गया है। यहां से राम प्रसाद टम्टा, रंजीत दास, बालकृष्ण, सज्जन लाल टम्टा, प्रकाश कोहली, रमेश टम्टा, जगदीश आर्य, कमल टम्टा ने दावेदारी की है।
सभी दावेदार और उनके समर्थक सूची जारी होने का सुबह से ही इंतजार करते रहे। परंतु सूची में बागेश्वर सीट का नाम शामिल नहीं होने से उन्हें निराशा हुई। इस बीच टिकट को लेकर दिन तमाम चर्चाएं होती रही। देर शाम तक कार्यकर्ता सहित आम जनता भी टिकट को लेकर एक दूसरे से पूछते नजर आए।
बालकृष्ण को टिकट मिलने की चर्चा
बागेश्वर। कांग्रेस की सूची में भले ही बागेश्वर विधान सभा सीट को वेटिंग में रखा हो लेकिन रविवार को प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही बागेश्वर से बालकृष्ण को टिकट मिलने की चर्चाएं शुरू हो गई। इस बीच कई लोगों ने बालकृष्ण को फोन पर बधाइयां भी दी। लेकिन बाद में पता चला कि बागेश्वर सीट को वेटिंग में रखा गया है।