भराड़ी के व्यापारियों ने कपकोट-शामा एनएच को बाजार से होकर बनाने के प्रस्ताव का सख्त विरोध किया है। गुस्साए व्यापारियों ने मंगलवार को एसडीएम रवींद्र बिष्ट का घेराव किया। बाद में सीएम को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। इसमें एनएच का निर्माण तल्ली बाजार से हाइड्रोपावर डोडिला से सरयू पार शामा बैंड से होकर बनाने की मांग की गई है।
मंगलवार को व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील कार्यालय जाकर एसडीएम का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री, राज्यपाल और विधायक के नाम संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि कपकोट-शामा एनएच का निर्माण भराड़ी बाजार से प्रस्तावित किया गया है।
बाजार से होकर एनएच का निर्माण होने से जहां कई लोगों की दुकान टूटेंगी, वहीं कई लोग बेरोजगार हो जाएंगे। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि एनएच के तहत सड़क का चौड़ीकरण होना जरूरी है तो इसे यूको बैंक के पास टैक्सी स्टैंड के सामने से सरयू नदी पर पुल बनाकर कपकोट-कर्मी सड़क के करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर डोडिला स्थित हाइड्रोपावर से शामा को जाने वाली सड़क से मिलान करके बनाया जाए।
इस तरह के एनएच बनने से जहां व्यापारी बेघर और बेरोजगार होने से बचेंगे, वहीं बाजार का भी अस्तित्व बना रहेगा। एनएच के माध्यम से सरयू के पर दो पुलों का निर्माण होने से बाजार में बढ़ती यातायात की समस्या भी दूर होगी।
उन्होंने शासन और प्रशासन से बाजार और व्यापारियों के हितों को देखते हुए व्यापारियों के सुझाव का सम्मान करने की मांग की। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
घेराव और ज्ञापन देने वालों में हुकुम सिंह दानू, प्रेम पुरी गोस्वामी, दयाल ऐठानी, मुन्ना कपकोटी, आनंद कपकोटी, आनंद ऐठानी, कमल कपकोटी, विरेंद्र कपकोटी, गोविंद बिष्ट, दरबान ऐठानी, हिम्मत ऐठानी, किशन बड़ती, हरीश बिष्ट, प्रवीण गढ़िया और पदम सिंह ऐठानी आदि शामिल थे।