बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता के साथ मारपीट और घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार भतरौला ठाकुरद्वारा निवासी शीला मेहता ने बताया कि उसका विवाह एक मई 2019 को राकेश सिंह मेहता के साथ हुआ था। उनका पांच साल का एक बेटा भी है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी आए दिन पिटाई करता रहता है। तहरीर में बताया गया कि शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे आरोपी पति ने प्लास्टिक के डिब्बे से उसके सिर पर वार कर दिया जिससे उसे सिर, हाथ और घुटनों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान उसे बालों से भी घसीटा गया। पीड़िता के मुताबिक इससे पहले जून 2026 में भी उसके साथ मारपीट की गई थी जिसके बाद महिला हेल्पलाइन में काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इसके बावजूद पति का रवैया नहीं बदला और उसकी प्रताड़ना जारी रही। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
घरेलू हिंसा और मारपीट के मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की अग्रिम विवेचना नियमानुसार प्रचलित है। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -अजय लाल साह, सीओ, बागेश्वर।