कपकोट में आमरण अनशन पर बैठे पोथिंग के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने तहसील प्रांगण में आमरण अनशन पर बैठे पोथिंग ग्राम पंचायत के रमेश सिंह और दलीप सिंह का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है। इन्हें अनशन से उठाते ही दो अन्य लोगों ने अनशन शुरू कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत पोथिंग की मूलभूत समस्याओं निस्तारण की मांग को लेकर पोथिंग के ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे है। तहसील प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस ने आमरण अनशन पर बैठे रमेश सिंह और दलीप सिंह को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया। उन्हें अनशन से उठाते ही ग्राम पंचायत निवासी दान सिंह और जमन सिंह आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। दोनों ने मांगें पूरी नहीं होने तक अपना अनशन जारी रखने का ऐलान किया।
उत्तराखंड जन चेतना मंच के अध्यक्ष हरीश जोशी की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने शासन प्रशासन पर समस्याओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। मांगें शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी। मदन सिंह गढ़िया, पीतांबर जोशी, गोपाल दत्त जोशी और चंचल सिंह ने आंदोलनस्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।