जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। रविवार को गोविंदाओं की टोलियों ने बिलौना, भराड़ी, कपकोट और धरमघर में लटकी मक्खन और दही से भरी हांडियों को फोड़ दिया।
यहां दुग बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चे बढ़चढ़कर शामिल हुुए। उधर भराड़ी और शामा की बाजारों में श्रद्धालुओं ने ढोल नगाड़ों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली।
शनिवार रात कृष्ण के भक्त मंदिरों में मनमोहक भजनों के गायन में मस्त रहे। दुग बाजार स्थित राधा कृष्ण के मंदिर में श्रद्धालुुओं का रविवार को भी तांता लगा रहा।
यहां दीपक चौधरी ने अपने पिता की स्मृति में बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। नगर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेशकर लोगों का मन मोह लिया। अव्वल बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
शनिवार रात मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। पंडित पूरन जोशी ने प्रसाद बांटा। यहां जीवन तिवारी, दीपक चौधरी, पुनीत साह, गोविंद पंकज मेहता, मनोज, पूरन आदि थे।
उधर भराड़ी शामा की बाजार में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा जी की गाजे बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। लोगों में प्रसाद भी बांटा गया।
उधर बिलौना, भराड़ी, कपकोट और धरमघर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। मटकी फोड़ने वाले गोविंदाओं की टोलियों को पुरस्कृत किया गया। बिलौना में श्री कृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यहां ग्राम प्रधान कैलाश गढ़िया, मुख्य यजमान महेंद्र दफौटी, पंडित भुवन कांडपाल हरीश सुयाल, शेर सिंह घनौला, नंदन नगरकोटी, भूपेंद्र सुयाल, लक्ष्मण घनौला, दीपक दफौटी थे।
उधर कपकोट ग्राम पंचायत के श्री श्री 1008 काशिल देव मंदिर में रातभर राधा कृष्ण के मनमोहक भजनों का गायन हुआ। रात्रि में भंडारे का अयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुुुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर को बिजली की लड़ियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। उधर गुरूकुल स्कूल धरमघर और स्थानीय लोगों की ओर से रामलीला मैदान में देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही।
यहां श्री कृष्ण जन्म, कृष्ण गोपी संवाद, बरसाने की लट्ठमार होली समेत कई अन्य मनमोहक कार्यक्रमों का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। कई बच्चे कृष्ण, राधा और गोपियां के वेश में सजे थे।