गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में कुछ विभागों के अधिकारियों के गैर हाजिर रहने पर एसडीएम वैभव कांडपाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। भविष्य में सभी अधिकारियों से हर हाल में उपस्थित रहने को कहा।
मंगलवार को एसडीएम कांडपाल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल आदि समस्याएं उठीं। यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश कोरंगा ने स्वास्थ्य का मुद्दा उठाया। कहा कि कई केंद्रों में फार्मासिस्टों की कमी बनी हुई है। सुविधाओं की कमी होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र से आए लोगों ने भी समस्याएं उठाईं। एसडीएम कांडपाल ने समस्याओं का प्राथमिकता से निदान करने को कहा। लोगों से स्वगणना कर जनगणना अभियान में भागीदारी करने की अपील की। यहां तहसील निशा रानी, नायब तहसीलदार भोपाल गिरि, चिकित्सा अधिकारी सपना राजपूत आदि मौजूद थे। संवाद