बागेश्वर। कुमाऊं विश्वविद्यालय की परीक्षाएं जारी हैं। कोरोना नियमों का पालन करते हुए परीक्षाएं संचालित की जा रही है। शुक्रवार को 550 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी, जबकि नौ अनुपस्थित रहे।
डिग्री कॉलेज बागेश्वर में सुबह की पाली में प्रथम वर्ष बीएससी जंतु विज्ञान, गणित और बीए गणित की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 238 में से सात विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में एमए अंतिम वर्ष अंग्रेजी, भूगोल, संस्कृत, इतिहास, अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई, जिसमें पंजीकृत 94 में से एक ने परीक्षा नहीं दी। बीएससी अंतिम वर्ष रसायन विज्ञान और बीए गृह विज्ञान की तीसरी पाली में हुई परीक्षा में सभी पंजीकृत 149 परीक्षार्थियों ने परीक्षाएं दी। डिग्री कॉलेज कांडा में पहली पाली में बीएससी जंतु विज्ञान और गणित में पंजीकृत चार में से एक अनुपस्थित रहा। दूसरी पाली में एमए अंतिम वर्ष इतिहास, राजनीतिशास्त्र, संस्कृत, हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत सभी 20 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। डिग्री कॉलेज कपकोट में बीए अंतिम वर्ष गृह विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 26 और गरुड़ में बीए गृह विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत सभी 28 ने परीक्षा दी।