कपकोट (बागेश्वर)। नगर पंचायत कपकोट ने सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत अपनी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की। पूर्व में जारी नोटिसों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित विभागों के सहयोग से अतिक्रमण हटाया गया।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) बलवंत सिंह रावत ने बताया कि नगर क्षेत्र को सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की भूमि या अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण नहीं करने और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।