गरुड़ के नपं कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी और सभासद। संवाद
गरुड़(बागेश्वर)। नगर पंचायत में कार्यरत कर्मचारी को हटाने के बाद कर्मचारियों और सभासदों ने नाराजगी व्यक्त की। नगर पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन कर कर्मचारी की सेवा बहाल करने की मांग की है।
बीते दिनों नगर पंचायत कार्यालय में आउटसोर्स से तैनात कर्मचारी भावना पाठक पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए नपं अध्यक्ष भावना वर्मा ने उनकी सेवा समाप्त कर दी। इससे गुस्साए कर्मचारियों और सभासदों ने कर्मचारी की सेवा बहाल करने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार किया और कार्यालय में प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलते ही सभासद अंकित जोशी, प्रदीप गुरुरानी, ललित प्रसाद, मोनिका वर्मा कार्यालय पहुंचे और कर्मचारी को बहाल करने की मांग करते हुए अध्यक्ष के विरुद्ध नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर तहसीलदार निशा रानी और एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। ईओ अनुज कुमार ने पर्यावरण मित्रों से नगर की सफाई करने की अपील की है। संवाद
इनसेट
कार्मिक को बताया मामले का जिम्मेदार
बागेश्वर। नगर पंचायत से हटाई गई कर्मचारी भावना पाठक कांडपाल ने बताया कि कार्यालय में तैनात वरिष्ठ कर्मचारी ने उन्हें अश्लील मैसेज भेजे थे। इसी बात की शिकायत नगर पंचायत अध्यक्ष से की गई तो उन्होंने इसे निजी मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने बताया कि शिकायत करने से वरिष्ठ कर्मचारी ने नपं अध्यक्ष को उनके बारे में गलत जानकारी देना शुरू कर दी और नगर पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें नौकरी से निकालने का आदेश जारी कर दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा का कहना है कि यह मामला नितांत निजी है। इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। भावना चाहे तो मामले में कानून का सहारा ले सकती हैं। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि इस मामले में उन्हें कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। संवाद