बागेश्वर/कपकोट। कपकोट क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान बाधित हुई बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे सुचारु होने लगी है। सरयू, रेवती और पिंडर घाटी के गांवों में दो दिन बाद बिजली बहाल हो गई है। फरसाली क्षेत्र के गांवों में अब भी बिजली गुल होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार की रात को हुई भारी बारिश के दौरान पोल गिरने, तार टूटने से कपकोट के 70 से अधिक गांवों की बिजली बाधित हो गई थी। कुछ स्थानों पर विभाग ने शनिवार को बिजली बहाल कर दी थी। शनिवार को रेवती घाटी के 10, सरयू घाटी के 12, फरसाली पट्टी के 10 और पिंडर घाटी के 15 गावों की बिजली गुल थी। बैड़ा मझेड़ा गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव में तीन दिन से बिजली नहीं है। बिजली गुल होने से क्षेत्रवासियों के मोबाइल फोन बंद हो गए थे।
एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि सरयू और पिंडर घाटी की लाइनों की मरम्मत कर सप्लाई चालू कर दी है। रेवती घाटी के गांवाें को शामा वाली लाइन से जोड़ा गया है। फरसाली पट्टी के गांवों में टीम लाइनों की मरम्मत कर रही है। मौसम साफ रहा तो सोमवार को बैड़ा मझेड़ा में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।