कपकोट (बागेश्वर)। सरयू घाटी के गांवों में लगातार रात को बिजली गुल हो रही है। भराड़ी के लोगों को भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से रात के समय परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार की रात को भराड़ी बाजार और आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात बिजली गुल रहने से आइसक्रीम और अन्य दुग्ध उत्पाद बेचने वाले व्यापारियों के फ्रीज में रखा सामान खराब हो गया। इधर, सरयू घाटी के सौंग, मुनार, गासी, सूपी, तरसाल, पतियासार, सुमगढ़ समेत 15 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति रात के समय बाधित होने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि लाइन में फॉल्ट आने से रात के समय बिजली गुल हो गई थी। शुक्रवार की सुबह से फॉल्ट खोजकर लाइन की मरम्मत की और आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।