बागेश्वर। सरयू घाटी के ग्रामीण इलाकों में बिजली के बिलों में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। भारी-भरकम बिल आने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने जिला मुख्यालय के ऊर्जा निगम कार्यालय में अधिकारियों का घेराव कर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल सिंह टाकुली ने बताया कि बीते कुछ महीनों से उपभोक्ताओं के पास अत्यधिक बिल आ रहा है। बताया कि प्रत्येक महीने बिजली का बिल जमा करने के बावजूद 15,000, 22,000, 50,000 रुपये से लेकर एक लाख तक के मनमाने बिजली के बिल मिले हैं।
उन्होंने कहा कि बहुत कम बिजली का उपयोग करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इतने बड़े बिल मिलने से वह परेशान हैं। कहा कि मीटर रीडिंग सही तरीके से नहीं की जाती है इसके कारण भी बिलों में अनियमितता पाई जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस मौके पर रमेश सिंह, खीम सिंह, सरस्वती देवी, हयात सिंह, कुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
कोट
टैरिफ बढ़ने के साथ ही मीटर की रीडिंग भी बढ़ जाती है। इसके कारण अधिक बिल में बढ़ोतरी हुई है। अधिक बिजली के बिलों का दोबारा संशोधन किया जाएगा और उपभोक्ताओं को नए बिल दिए जाएंगे। - एसएस भंडारी, एसडीओ