बागेश्वर। आपदा प्रभावित कनलगढ़ घाटी में बिजली, पानी का संकट गहरा गया है। बीएसएनएल की संचार सुविधा पहले से ही बाधित है। सड़क का हाल भी बुरा है। लोगों को परेशानी उठाकर जीवन यापन करना पड़ रहा है।
विगत बृहस्पतिवार की रात को पौंसारी में अतिवृष्टि हुई। क्षेत्र के अन्य गांव बैसानी, सुमटी, चचई, नान कन्यालीकोट, जगथाना, पुड़कूनी आदि गांवों में भारी बारिश हुई। जगह-जगह भूस्खलन होने से बिजली के 20 से अधिक पोल गिर गए। तार टूटने के कारण बिजली बहाल करने में परेशानी हो रही है।
पाइप लाइनों के बहने से नल सूख गए हैं। राहत केंद्र के आसपास टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। बाकी लोग तीन किमी दूर नदी से पानी लाने के लिए मजबूर हैं। फाइबर केबल कटने से बीएसएनएल की संचार सुविधा भी ठप पड़ी है। डीएम आशीष भटगांई ने बताया कि बिजली, पेयजल और संचार लाइनों की मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द से जल्द आपूर्ति सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है।