138 संवेदनशील और 60 अति संवेदनशील बूथ चिह्नित, 2,03,930 मतदाता डालेंगे वोट
बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रशासन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले के 405 मतदान केंद्रों पर बने 461 मतदेय स्थलों पर होने वाले मतदान के लिए 2566 कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। तीनों ब्लॉकों के 2,03,930 मतदाता चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सोमवार को डीएम आशीष भटगांई ने जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिए तीन रिटर्निंग अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य चुनाव के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी और 36 सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) तैनात किए गए हैं। जिले को 15 जोनल और 61 सेक्टर में बांटा गया है। तीनों विकासखंडों के लिए तीन रिटर्निंग अधिकारी और जिला पंचायत सदस्य चुनाव के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी तैनात किया गया है।
बागेश्वर में है सर्वाधिक वोटर
जिले में 138 बूथ संवेदनशील और 60 अति संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। आपदा की दृष्टि से अब तक 40 बूथों को चिह्नित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बागेश्वर ब्लाॅक में 182, कपकोट में 122 और गरुड़ में 101 मतदान केंद्र बने हैं। बागेश्वर में 40, कपकोट में 62 गरुड़ में 36 बूथ संवदेनशील जबकि बागेश्वर में 16, कपकोट में 10 और गरुड़ में 34 बूथ शामिल अतिसंवेदनशील हैं। बागेश्वर में 77,941, कपकोट में 68,080 और गरुड़ में 57,909 मतदाता पंचायत चुनाव में मतदान करने के लिए पंजीकृत हैं।
चुनाव का कार्यक्रम
डीएम भटगांई ने बताया कि तीनों विकास खंडों में दो से पांच जुलाई तक सुबह आठ से शाम चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। सात से नौ जुलाई के बीच नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 10, 11 जुलाई को नाम वापसी, 14 जुलाई को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। 24 जुलाई को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से मतगणना की जाएगी। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री, प्राप्ति, जांच, नाम वापसी, प्रतीक चिह्न आवंटन ब्लॉक कार्यालयों में होंगे। बागेश्वर विकास खंड की मतगणना पंडित बीडी पांडेय में जबकि कपकोट और गरुड़ विकास खंडों की ब्लॉक सभागार में होगी।