उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने वाले 352 राज्य आंदोलनकारियों की सूची एलआईयू ने जिलाधिकारी को भेज दी है। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन ने डीएम से चयनित आंदोलनकारियों को शीघ्र परिचय पत्र जारी करने को कहा है।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन के महासचिव संतोष तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी बागेश्वर ने पूर्व में चयनित राज्य आंदोलनकारियों की सूची और एलआईयू की रिपोर्ट संगठन से मांगी थी। तिवारी ने बताया कि एलआईयू ने कपकोट के 49, कांडा के 83, बागेश्वर के 99 विकास खंड गरुड़ के 121 पूर्व में चयनित राज्य आंदोलनकारियों की एलआईयू रिपोर्ट डीएम बागेश्वर को उपलब्ध करा दी है।
राज्य आंदोलकारी संगठन प्रवक्ता तारा दत्त भट्ट ने बताया कि जिले के पूर्व में चयनित राज्य आंदोलनकारियों ने दस साल पूर्व परिचय पत्र जारी करने के लिए दो-दो फोटो भी मांगे थे। जिला प्रशासन बागेश्वर ने आज तक परिचय पत्र जारी नहीं किए हैं। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने डीएम बागेश्वर से एलआईयू की रिपोर्ट पर चयनित आंदोलनकारियों को परिचय पत्र शीघ्र जारी करने को कहा है।