कोन क्षेत्र के एक गांव में बाढ़ के पानी से निकलते लोग।
बागेश्वर। सोमवार की शाम को हुई मूसलाधार बारिश से जिले के अलग-अलग गांवों में ग्रामीणों के आठ मकान ध्वस्त हो गए। कपकोट के तोली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक बैल की मौत हो गई।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक मूसलाधार बारिश से चिड़ंग निवासी विक्रम सिंह और भैंरूचौबट्टा निवासी गुमान राम का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश से दुग बाजार निवासी नासिर अली के मकान को भी काफी क्षति पहुंची है।
अनर्सा निवासी कुश राम, कुंदन सिंह, क्वैराली निवासी दुर्गा देवी, ज्योति देवी, डंगोली निवासी पुष्पा देवी के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। भराड़ी पटवारी क्षेत्र के तोली गांव में वज्रपात होने से राम सिंह का बैल मर गया।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा बारिश से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। बारिश से जिले के दो जिला मार्ग और तीन ग्रामीण मार्गों सहित कुल पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
मौसम विभाग ने एक बार फिर अगले 24 घंटों के भीतर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। एडीएम एसएस जंगपांगी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।