नलों में नियमित पानी नहीं आने से भड़की बनखोला की महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने अधिशासी अभियंता का घेराव कर जोरदार नारेेबाजी की। महिलाओं ने शीघ्र जलापूर्ति सुचारु नहीं होने पर उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी।
मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंची बनखोला की महिलाओं ने अधिशासी अभियंता केएस खाती का घेराव करते हुए कहा कि नलों में हर दूसरे दिन पानी आ रहा है, वह भी महज 15 मिनट के लिए। ऐसे में लोग पीने लायक पानी भी नहीं जुटा पा रहे हैं। पेयजल सहित अन्य जरूरतें जल स्रोतों या हैंडपंपों से पूरी कर रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी विभाग इस समस्या को अनसुना कर रहा है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि यदि उनको प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने कहा कि इन दिनों पानी की किल्लत बढ़ी है। इसके बावजूद एक दिन छोड़कर एक घंटे तक पानी दिया जा रहा है। सूरजकुंड में पंप का निर्माण कार्य चल रहा है। जून से इस पंप के चालू होने की उम्मीद है।
इसके बाद पेयजल की समस्या नहीं रहेगी। अधिशासी अभियंता का घेराव और प्रदर्शन करने वालों में लक्ष्मी धर्मशक्तू, प्रेमा देवी, मीरा धपोला, दमयंती वर्मा, विमला, गीता मिश्रा, नरेंद्र आर्या, भूपेश आर्या, कमल कांडपाल, पिंकी कालाकोटी, प्रतिभा आर्य, मुन्नी शाह आदि लोग शामिल थे।