विकास खंड के एक नहीं कई जंगल लगातार आग की चपेट हैं। बीते सोमवार को शीरी के जंगल में लगी आग गांव के पास तक पहुंच गई। आग से गांव के एक पूर्व सैनिक की गौशाला और सूखी घास के तीन ढेर राख हो गए। सूचना पर एसडीएम केएस टोलिया राजस्व टीम के साथ धधकती आग को बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे।
आग बुझाने के लिए चले ग्लेशियर रेंज के रेंजर अनंत राम के आधे रास्ते से लौटने पर एसडीएम ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर लापरवाह रेंजर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को दूरस्थ क्षेत्र के शीरी के जंगल में भीषण आग धधक गई। आग इतनी भीषण थी कि वह गांव के पूर्व सैनिक प्रवीण सिंह के गौशाला तक पहुुंच गई और देखते ही देखते पूर्व सैनिक की गौशाला और पास में रखे घास के तीन ढेर भी जलकर खाक हो गए। सूचना मिलने पर तहसील मुख्यालय से एसडीएम टोलिया और राजस्व उप निरीक्षकों के अलावा क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचे एसडीएम के नेतृत्व में आग बुझाने का काम तेजी से शुरू हुआ। एसडीएम की कड़ी मेहनत से आग फैलने से बच गई, इससे आसपास के घर भी बच गए। एसडीएम ने बताया कि ग्लेशियर रेेंज के रेंजर भी सूचना पर मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन वह खड़लेख से ही वापस लौट गए। उन्होंने डीएम को लिखे पत्र में रेंजर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की संस्तुति की है। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी।