बागेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जिले से इस बार भी विद्या भारती के विद्यालयों का दबदबा रहा है। प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जिले से शामिल 33 विद्यार्थियों में से 32 विद्या भारती के स्कूलों से हैं। इनमें हाईस्कूल से 26 और इंटर के छह विद्यार्थी शामिल हैं।
विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सर्वाधिक 21 विद्यार्थी इस सूची में शामिल हैं। हाईस्कूल के प्रदेश टाॅपर और इंटर के जिला टॉपर भी इसी विद्यालय से हैं। पिछले वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाफल में विवेकानंद विद्या मंदिर इंका के हाईस्कूल के तीन और इंटर के आठ विद्यार्थी वरियता सूची में शामिल थे।
सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज चौरासी की हाईस्कूल की छात्रा गीतिका पंत ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया और प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। खोलिया विवेकानंद विद्या मंदिर इंका गरुड़ के छात्र अभय उपाध्याय ने इंटर में 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला और प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष जिले से वरीयता सूची में शामिल 63.64 फीसदी विद्यार्थी विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मंडलसेरा के हैं। खोलिया विइंका गरुड़ से पांच, सरस्वती शिशु मंदिर इंका बागेश्वर से तीन, विविएमआईसी काफलीगैर से एक, विविएमआईसी हिचौड़ी से दो और राइंका कौलाग से एक विद्यार्थी ने मेरिट सूची में शामिल हैं।