बागेश्वर। सहायक अध्यापकों के प्रमोशन की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने कुमाऊं मंडल के 1000 से अधिक सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। जिले से इसमें 224 शिक्षक शामिल हैं। सहायक अध्यापक एलटी में रिक्त 30 फीसदी पदों पर शिक्षकों को पदोन्नति दी जा सकती है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जारी अनंतिम वरिष्ठता सूची में 1,182 शिक्षकों के नाम शामिल हैं। वाणिज्य विषय में 16 शिक्षकों में से तीन, अंग्रेजी में 131 में से 29, गृह विज्ञान में 11 में से एक, हिंदी में 163 में से 31, गणित में 154 में से 24, व्यायाम में 139 में से 33, विज्ञान में 211 में से 34, सामाजिक विज्ञान में 326 में से 61, संस्कृत में 28 में से पांच और उर्दू में तीन में एक शिक्षक जिले से हैं। वर्तमान में जिले में सहायक अध्यापकों के 189 पद रिक्त हैं। शिक्षकों के पदोन्नत होने से स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने की उम्मीद है।
सीईओ गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि शिक्षकों के अंतरमंडलीय तबादले जारी हैं। अप्रैल शुरूआत तक विभाग के पास उपलब्ध डाटा से सूची तैयार की गई है। सूची में संशोधन किया जा सकता है।