बागेश्वर। जिले के पॉलिटेक्निक केंद्रों से तकनीकी ज्ञान लेकर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। तीन पॉलिटेक्निक केंद्रों में प्रवेश के लिए आठ जूून को परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
परीक्षा में औसत अंक पाकर जिले के युवा स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों का चयन कर सकते हैं। वर्तमान में जिले के गरुड़, कांडा और कपकोट में पॉलिटेक्निक केंद्र हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक कांडा और गरुड़ में सिविल इंजीनियरिंग ट्रेड और मैकेनिकल इंजीनियरिंग ट्रेड के लिए 32-32 सीटें उपलब्ध हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक कपकोट में सिविल एंड एन्वायरनमेंटल इंजीनियरिंग ट्रेड की 32 सीटें उपलब्ध हैं।
वर्तमान में बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद जिले के युवाओं ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाने के लिए 31 मई तक प्रवेश के लिए आवेदन किए हैं। आवेदन कर चुके युवाओं के लिए संस्थान की ओर से आठ जून को विविएमआईसी मंडलसेरा में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा में औसत अंक पाने वाले युवाओं को संस्थान का चयन करने का मौका मिलेगा। इसमें जिले के युवा स्थानीय संस्थानों का चयन कर अपने घर से ही तकनीकी ज्ञान ले सकते हैं।