केंद्र सरकार ने पिछले दिनों बैजनाथ- बागेश्वर-कपकोट-शामा-तेजम-मुनस्यारी से जौलजीबी तक की सड़क को नेशनल हाईवे घोषित कर दिया है। इस सड़क के एनएच घोषित होते ही अब इसके चौड़ीकरण की प्रारंभिक कार्यवाई भी शुरू हो गई है। इन दिनों सड़क में प्रतिदिन चलने वाले वाहनों की गिनती मिनट दर मिनट हो रही है। दो दिन बाद सड़क में चलने वाले छोटे वाले वाहनों का वजन नापने का काम भी शुरू हो जाएगा।
कपकोट पुल पर वाहनों की गणना कर रहे हरीश शाही, खष्टी दत्त पांडे और तनुज साह ने बताया कि सड़क में एक दिन में 1400 से भी अधिक वाहनों का आना जाना है। कई बार हर मिनट पर 14 वाहनों का आना जाना है। गणना छह दिन और चलेगी। दो दिन वाहनों का वजन भी नापा जाना है।
उन्होंने बताया कि एनएच के मामले में स्थानीय लोगों की राय भी ली जा रही है। वाहनों की गणना, नाप तौल और सड़क की लंबाई और चौड़ाई समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही उच्चाधिकारी निर्माण के अंतिम निर्णय लेंगे। सड़क के एनएच घोषित होने पर फिलहाल लोगों में खुशी का माहौल नजर आने लगा है। लोगों का कहना है कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस सड़क को नया रूप मिलने पर क्षेत्र के विकास को भी नए आयाम मिलेंगे।