सड़कों में गड्ढों और धूल ने किया जीना हराम
- फोटो : अमर उजाला
नगर की आंतरिक सड़कों का हाल बुरा है। नगर की सड़कों में जहां एक ओर गड्ढे बने हुए हैं वहीं सड़कों के मिट्टी पटी होने के कारण दिन भर धूल उड़ रही है। इससे व्यापारी वर्ग के साथ ही आम जनता भी परेशान है। तहसील रोड में सड़क की खस्ता हालत के कारण आए दिन दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं।
बागेश्वर नगर की तहसील रोड के सबसे बुरे हाल हैं। नेशनल हाइवे में जगह-जगह पर गड्ढे तो बने ही हैं सड़कों की सफाई नहीं होने से सड़क में मिट्टी भी फैली हुई है। वाहनों के चलने से उड़ रही धूल से व्यापारी वर्ग तो परेशान है ही राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
दिन भर उड़ने वाली धूल से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील रोड में तहसील के सामने सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों और सड़क पर फैली गिट्टी में दोपहिया वाहन सवार फिसलकर आए दिन चोटिल हो रहे हैं, लेकिन इस समस्या पर कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
जबकि इसी रूट से दिन भर आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं। यही हाल स्टेशन रोड का भी है। यहां पर जगह-जगह पर गड्ढे बन गए हैं। वाहनों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक मंच के अध्यक्ष पंकज पांडेय का कहना है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य मानकों के अनुसार नहीं होते हैं। सड़कों में नालियां नहीं बनी हैं।
बारिश से मिट्टी सड़क पर बहकर जमा हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने से ही डामर उखड़कर गड्ढे बने हैं। यदि जिम्मेदार विभागों द्वारा सड़कों में गड्ढे व धूल की समस्या से निजात नहीं दिलाई गई तो मंच इस मामले में अगला कदम उठाएगा।