बागेश्वर। बागेश्वर-ताकुला एनएच पर इन दिनों चौड़ीकरण का काम जोरों पर है। सड़क को विस्तार देने के लिए कई स्थानों पर कटिंग और निर्माण कार्य चलने से सफर जोखिम भरा हो गया है। निर्माण सामग्री और मशीनरी के बीच से गुजर रहे वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जगह-जगह मलबा और संकरी सड़क होने के चलते जरा सी लापरवाही बड़ी मुसीबत बन सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने संबंधित ठेकेदार को दुर्घटना संभावित स्थानों में साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। एनएच के एई पीपी गोस्वामी ने बताया कि वाहन संचालकों से इस मार्ग पर यात्रा करते समय बिल्कुल भी जल्दबाजी न करने और निर्माण कार्यों के बीच तेज रफ्तार में वाहन न चलाने की अपील की है। सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना जरूरी है ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। संवाद
.