बागेश्वर के असों मल्लाकोट में पेयजल टंकी पानी भरने पहुंची महिलाएं। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। काफलीगैर तहसील के असौं और मल्लाकोट में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। पानी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रीष्मकाल के शुरूआती दौर में ही पानी की समस्या पनपने लगी है।
नलों में पानी नहीं आने के कारण यहां सुबह से प्राकृतिक जल स्रोतों के पास लोगों की लाइन लग रही है। ग्रामीणों का पूरा दिन पानी के इंतजाम में गुजर रहा है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। असों, मल्लाकोट के लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में सालभर पानी का संकट बना रहता है। गांव के लिए बनी पेयजल योजना से उन्हें पानी नहीं मिल पाता है। गर्मियों में यह परेशानी दोगुनी हो जाती है। बारिश नहीं होने के कारण गांव के अधिकतर स्रोतों में पानी की कमी रहती है। एकमात्र स्रोत में सुबह से ही पानी भरने वालों की लाइन लग रही है।
ग्रामीण पान सिंह, बहादुर सिंह, कमला देवी, नारायण सिंह अमर सिंह आदि का कहना है कि जानवरों और खुद के लिए पानी जुटाने में पूरा दिन निकल जाता है। कई लोग पानी के लिए रतजगा भी कर रहे हैं। इन लोगों ने पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। जल संस्थान के प्रभारी ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत गांवों में पानी पहुंचाने का काम चल रहा है। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
फोटो 31 बीजीएस 11 पी