कपकोट (बागेश्वर)। नगर पंचायत के तीन वार्ड और ग्रामीण क्षेत्र के सात गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोत का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
ऐठाण गांव में पेयजल लाइन टूटने से ऐठाण, भराड़ी और पालीडुंगरा वार्ड में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कपकोट गांव को जोड़ने वाली पेयजल योजना के पाइप बेलंग गधेरे में बहने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। दूणी, राकसी आदि छह गांवों की पेयजल योजना भी क्षतिग्रस्त हुई है। बारिश के दौरान पेयजल लाइन टूटने से लोग काफी परेशान हैं।
क्षेत्रवासियों ने विभाग से जल्द समस्या का निदान करने की मांग की है। इधर, जल संस्थान के जेई नीरज हरड़िया ने बताया कि पाइप लाइनों की मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद